युवा मोर्चा बनाएगी 30 हजार सदस्य
बैठक के बाद निर्णय, आज से शुरू होगा अभियान
भास्करसंवाददाता |छतरपुर
संभागस्तरीय भाजयुमो की बैठक में सबसे ज्यादा ध्यान सदस्य बनाने पर दिया गया। संभाग के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री और जिला पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य भाजपा के सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाना है। युवा मोर्चा ने तीस हजार सदस्य बनाने का संकल्प लिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी देवेन्द्र अनुरागी ने जानकारी देते हुए बताया कि सागर में हुई संभागीय बैठक में अध्यक्ष कमल पटेल, संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक अहिरवार, सागर जिलाध्यक्ष जाहर सिंह, युवा मोर्चा सागर अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, छतरपुर अध्यक्ष अरविंद पटैरिया, दमोह अध्यक्ष प्रीतम सिंह विशेष रूप से शामिल रहे। शुक्रवार से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। कार्यकर्ता अपने-अपने मण्डलों में सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे पर अभियान चलाएंगे। शनिवार को शिक्षा परिसरों में संवाद के साथ सदस्यता दी जाएगी। यह कार्यक्रम 20 दिसंबर तक चलेगा। 21 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हाईस्कूल, छात्रावासों, कोचिंग कक्षाओं में अभियान चलाया जाएगा। युवा मोर्चा 31 दिसंबर से 8 जनवरी 15 तक हर ग्राम, नगर, केंद्र और बूथ में सम्मेलन करेगा। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के लिए नए सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा।