मुकुट पूजन के साथ होगा शुभारंभ
शहरके गल्लामंडी स्थित रामचरित मानस मैदान में आयोजित होने वाली श्री अन्नपूर्णा रामलीला की तैयारियां पूर्णता की ओर हैं। आगामी 17 सितंबर को मुकुट पूजन, नारद मोह के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा।
श्री अन्नपूर्णा रामलीला में रामजी का अभिनय करने वाले सौरभ तिवारी ने बताया कि यह रामलीला विगत 64 वर्षों से लगातार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला को आकर्षक बनाने के लिए नए-नए सीन-सीनरी दृश्यों को दिखाया जाएगा। इसमें उड़ते हुए हनुमान जी, उड़ती हुई सूर्पणखा, आकाश मार्ग में रावण और जटायु का युद्ध, आकाश मार्ग में तीरों का टकराकर आतिशबाजी युद्ध, घूमता हुआ जयमाला मंच, आकाश से सुमन वृष्टि सहित कई आकर्षक दृश्य तैयार किए जा रहे हैं। इन दृश्यों को तैयार करने वाले कलाकारों में बाबू सोनी, त्रिलोक चन्द्र ताम्रकार, अवध ताम्रकार, मनोज ताम्रकार, मनोज सोनी, विनोद सोनी, प्रदीप सोनी, जय अग्रवाल आदि शामिल हैं। वहीं श्रृंगार कर्ता के रूप में मुन्नीलाल नामदेव, बबलू पाठक, बॉबी सिंह, राजू माली, कृष्ण कुमार ताम्रकार आदि शामिल रहेंगे। समिति के अध्यक्ष मृगेन्द्र देव सिंह ने सभी नगरवासियों से लीला का आनंद लेने की अपील की है।