प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता 20 से
प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता 20 से
भास्कर संवाददाता |। छतरपुर
मप्रराष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा स्कूली छात्रों के बीच प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। राष्ट्र भाषा प्रचार समिति जिला संयोजक डॉ. बहादुर सिंह परमार ने बताया कि राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रति भावी पीढ़ी में अनुराग पैदा करने और भारतीय जीवन मूल्यों के विकास के लिए राजभाषा मास सितंबर में प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें स्कूल स्तर और इसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी।
इस प्रतियोगिता में वाद-विवाद, साहित्यिक अंताक्षरी, स्व चरित कविता पाठ, लोकगीत गायन होंगे। स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता 20 सितंबर को होगी। इसमें कक्षा 9वीं से 12 वीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। स्कूल स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागी 26 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 26 सितंबर को दोपहर ढाई बजे से सिंचाई कॉलोनी के सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल में होगी। इन प्रतियोगिताअें के अलग-अलग वर्ग में प्रथम तीन प्रतियोगियों को नकद राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। इनके अलावा सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।