गरबा के साथ की जाएगी आरती
श्रीश्रावण द्वादशी मां अन्नपूर्णा मेला जलबिहार का समारोह के साथ सोमवार को समापन होगा। इसकी तैयारियां समिति द्वारा कर ली गई हैं। मां के दरबार को विशेष साज-सज्जा से सजा कर आकर्षक श्रृंगार किया गया है। मीडिया प्रभारी दिलीप सेन ने बताया कि मेला जलविहार गल्लामंडी के मंच पर सोमवार को रात 9 बजे से गरबा के साथ मां की आराधना की जाएगी। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता आलोक चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता अजयपाल सिंह करेंगे। इसके पूर्व रात्रि 8 बजे मां अन्नपूर्णा प्रांगण में महाआरती की जाएगी। मंच पर शनिवार की शाम उत्तर प्रदेश की मशहूर कीर्तन गायिका राखी आजाद एंड पार्टी और कीर्तन गायक बाबूलाल राजपूत के बीच रोचक मुकाबला हुआ। इसका श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। मां की महाआरती में पंकज पहारिया उपस्थित हुए।यहां मां अन्नपूर्णा को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया गया।मेला जलबिहार समिति अध्यक्ष बालकृष्ण पंसारी ने लोगों से समापन कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है।