- Hindi News
- स्ट्रीट लाइटें बंद होने से हादसे की आशंका
स्ट्रीट लाइटें बंद होने से हादसे की आशंका
भास्कर संवाददाता | बल्देवगढ़
नगरपंचायत क्षेत्र से निकलने वाले मुख्य हाईवे मार्ग पर लगीं स्ट्रीट लाईटें पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी हैं। परेशानी की बात यह है कि इस मार्ग पर सीएचसी सेंटर, बम्हौरी तिराहा और जनपद कार्यालय पड़ता है।
रात में लाईटें बंद रहने से शाम ढलते ही पूरे मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। स्थिति यह है कि मार्ग पर छाए अंधेरे से सबसे ज्यादा आवागमन बाधित हो रहा है। कई बार तो वाहन चालक अंधेरे में नियंत्रण खोने से दुर्घटना का शिकार तक हो चुके हैं। इसकी शिकायत भी स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और बिजली विभाग अधिकारियों से की है। लेकिन अभी तक अधिकारियों द्वारा खराब स्ट्रीट लाईटों में सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है।
मुख्य बाजार निवासी रानू नायक ने बताया कि नगर के मुख्य मार्ग टीकमगढ़-छतरपुर पर लगाई गई स्ट्रीट लाईटें पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ी हैं। जिनमें तकनीकी खराबी लगातार बनी हुई है। इससे शाम ढलते ही नगर के मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। इस समस्या से सबसे ज्यादा वाहन चालक, दुकानदार और आम राहगीर परेशान हैं। बस स्टैंड मोहल्ला निवासी अनिरूद्ध सिंह बघेल ने बताया कि स्ट्रीट लाईटें बंद होने से नगर के बस स्टैंड परिसर, मिश्रा मोहल्ला, पुरानी बस्ती, अस्पताल मार्ग, पंकज पुल, बम्हौरी तिराहा, खरगापुर रोड और छतरपुर रोड पर पूरी रात अंधेरा छाया रहता है। यहां लगाई गई स्ट्रीट लाईटों में सुधार कार्य को लेकर कोई गंभीर नहीं हैं। जिसके चलते लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
आधेसे अधिक वार्डों में बंद पड़ी लाईटें
मुख्यबाजार निवासी अकरम खान ने बताया कि नगर के 15 वार्डों में से आधे से अधिक वार्डों में स्ट्रीट लाईटें बंद पड़ी हैं। जिनमें वार्ड नंबर 1,2,3,4,5,6,10,12 और वार्ड 15 शामिल हैं। इन वार्डों में कहीं दो सप्ताह तो कहीं एक माह से ये लाईटें बंद हैं। जहां सुधार कार्य नहीं कराया गया है। इससे वार्डों में आय दिन आवागमन बाधित हो रहा है।
इस संबंध में सीएमओ टीएल कोरी का कहना है कि उनके द्वारा बिजली विभाग कर्मचारियों को स्ट्रीट लाईटों में सुधार कार्य करने के लिए सूचना दी गई है। विभाग कर्मचारियों से शीघ्र ही खराब स्ट्रीट लाईटों में सुधार कार्य कराया जाएगा। ओआईसी व्ही के तिवारी का कहना है कि नपं से स्ट्रीट लाईटों में सुधार कराने के लिए कर्मचारियों की मांग की गई है। जल्दी ही खराब स्ट्रीट लाईटों में सुधार कराया जाएगा।
बल्देवगढ़ में स्ट्रीट लाइटें बंद हैं।