- Hindi News
- दवा पिलाने 6148 वितरक और 1025 पर्यवेक्षक तैनात
दवा पिलाने 6148 वितरक और 1025 पर्यवेक्षक तैनात
शासन के निर्देश पर 14 सितंबर को छतरपुर जिले सहित प्रदेश के 8 जिलों में फायलेरिया दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर 2 साल से अधिक उम्र की समस्त आबादी को डीईसी गोली का सार्वजनिक रूप से सेवन कराया जाएगा। इससे हाथी पांव जैसी गंभीर बीमारी से बचा जा सके। फायलेरिया दिवस के अवसर पर 6148 दवा वितरक 1025 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो जिले की लक्षित आबादी को दवा का सेवन कराएंगे।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीएमएचओ डा. केके चतुर्वेदी ने लोगों से अपील की है कि रविवार, 14 सितंबर को डीईसी गोली की एक खुराक अवश्य लें। यह दवा जिले में 14 सितंबर को निशुल्क खिलाई जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी डा. एसएस चौरसिया ने बताया कि इस दवा का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। जिन लोगों के अंदर माइक्रो फायलेरिया के कीटाणु होते हैं, वे दवा सेवन करने से नष्ट हो जाते हैं।
क्षणिक प्रभाव के रूप में जी मचलाना, चक्र आना, बुखार आना प्रभाव हो सकता है। जो एक निश्चित समय अंतराल पर अपने आप ही ठीक हो जाता है। डा. चौरसिया ने यह जानकारी भी दी कि 2 से 5 साल तक के बच्चों को डीईसी की 1 गोली 100 एमजी की और 1 गोली एलवेंडाजोल की दी जाएगी।
इसी प्रकार 6-14 साल के बच्चों के लिए डीईसी की 2 गोली 200 एमजी और 1 गोली एलवेंडाजोल और 15 से ऊपर के लिए डीईसी की 3 गोली 300 एमजी और 1 गोली एलवेंडाजोल दी जाएगी। 2 साल से कम आयु वर्ग के बच्चों और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग व्यक्तियों को इस दवा का सेवन नहीं कराया जाएगा।
इस कार्यक्रम में करीब 45 लाख डीईसी दवा और 20 लाख एलवेंडाजोल दवाइयां का उपयोग होगा जो कि शासन से प्राप्त हो चुकी है। जिन्हें ब्लॉक स्तर पर भेजा जा चुका है और दवा वितरक और पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण कराया जा रहा है। 14 सितंबर को डीईसी गोली का निशुल्क वितरण घर-घर जाकर किया जाएगा। किन्हीं कारणों इस दिन गोली के सेवन से छूटे हुए व्यक्तियों को 15 और 16 सितंबर 2014 को भी दवा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मलेरिया कार्यालय छतरपुर से भी दवा निशुल्क प्राप्त की जा सकती है।