मंदिर की जमीन पर कर दी प्लाटिंग
शहरके समीपी ग्राम पलौठा में एक मंदिर की जमीन पर प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत एसडीएम से की है। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
पलौठा गांव के मेवाराम शर्मा, हरिदास, बृजबिहारी, खिलईं, सरमन, किशोरी पाल आदि ने एसडीएम छतरपुर डीपी द्विवेदी को दिए आवेदन में बताया कि गांव की खसरा नंबर 750 की कुछ जमीन गांव के लोगों ने गांव में स्थित शंकर भगवान के मंदिर के लिए दान दी थी। यहां पर पूजा-पाठ करने के लिए राजेंद्र शर्मा उर्फ जोशी बाबा को रखा था। अब कुछ दिनों पहले मंदिर की इस जमीन पर मकान बनने शुरू हो गए हैं। इस पर मकान बनाने वाले लोगों से जानकारी ली गई तो उन्होंने 20-20 हजार रुपए में मंदिर के पुजारी द्वारा प्लाट बेचे जाने की बात बताई। यहां पर आधा दर्जन मकान भी अब बनकर तैयार हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने जोशी बाबा से ऐसा करने का कारण पूछा है तो वे कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हैं और जिन लोगों ने घर बना लिए हैं, वे लड़ने के लिए तैयार हैं। ऐसे में यहां पर विवाद की आशंका है।
इस पर एसडीएम डीपी द्विवेदी ने पटवारी को मौका-मुआयना करके तत्काल रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। श्री द्विवेदी के अनुसार मंगलवार को वे मौके का स्वयं निरीक्षण करेंगे और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।