मनुरिया पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
छतरपुर | तहसीलक्षेत्र गौरिहार के मनुरिया गांव में एक साथ कई बच्चों के बीमार होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को मनुरिया गांव पहुंची। यहां बच्चों को सर्दी, जुकाम के लक्षण पाए गए। मनुरिया गांव में करीब एक सैकड़ा बच्चों के बीमार होने पर कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर ने स्वास्थ्य टीम को मनुरिया गांव भेजा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश बौद्ध के नेतृत्व में पहुंची टीम ने यहां शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके साथ ही बीमार बच्चों को दवाएं दी गईं। डॉ. बौद्ध ने बताया कि बच्चों के शरीर पर किसी भी प्रकार के दाने नहीं पाए गए। बच्चे सामान्य सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। बच्चों के साथ-साथ वृद्ध भी यहां बीमार मिले। इन्हें दवाएं दी गईं। साथ ही गांव में एलवेंडाजोल की गोलियां भी खिलाई गईं। लोगों को स्वच्छ पानी पीने और पेयजल स्रोतों, घरों के आसपास से गंदगी हटाने के भी निर्देश दिए गए।