आरआई और पटवारी से मांगी गई रिपोर्ट
सरकारी जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने का मामला
शहरके सिंचाई कॉलोनी के पास पड़ी सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके प्लाटिंग करने के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। एसडीएम ने मामले में सख्ती दिखाते हुए आरआई और पटवारी से रिपोर्ट मंगाई है। इसके बाद मामले में कार्रवाई होगी।
दरअसल सिंचाई कॉलोनी में पुलिस कॉलोनी से संकट मोचन तालाब रोड पर करीब 10.50 एकड़ जमीन को कागजों में हेरफेर करके अपने नाम दर्ज कराया गया और फिर इस जमीन पर प्लाटिंग का काम चल रहा है। इस तरह से करोड़ों रुपए कीमत की सरकारी जमीन को 600 रुपए वर्ग फीट के हिसाब से बेचा जा रहा है। वहीं स्कूल के पीछे से निकले सिंघाड़ी नदी के नाले के पास भी सरकारी जमीन पर मकान बनाए जा रहे हैं। दैनिक भास्कर में मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को एसडीएम डीपी द्विवेदी ने आरआई आैर पटवारी को मौके का मुआयना करने के लिए भेजा और मामले की रिपोर्ट तलब की है। एसडीएम श्री द्विवेदी के अनुसार मामले की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री द्विवेदी के अनुसार सोमवार को वे स्वयं मौके का निरीक्षण करने के लिए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर बंदोबस्त के समय से रिकार्ड की छानबीन करके मामले में उचित कार्रवाई होगी।