- Hindi News
- हेलिकाॅप्टर से होगी शहरवासियों पर पुष्पवर्षा
हेलिकाॅप्टर से होगी शहरवासियों पर पुष्पवर्षा
छतरपुर. नगरपालिका चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संकल्प रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में छतरपुर नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह के साथ जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों से चुने गये जनप्रतिनिधियों के अलावा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। जिला संगठन द्वारा सभी विकास चाहने वाले लोगों को इस संकल्प रैली में आमंत्रित किया है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप खरे मन्टू ने बताया कि यह रैली सिद्ध क्षेत्र मोटे के महावीर मंदिर से सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। इसके साथ भाजपा जिला कार्यालय में समाप्त होगी। भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए पूरे नगर को भाजपा के झण्डों से सजाकर रैली के स्वागत की अभूतपूर्व तैयारियां की हैं। शहर वासियों पर पुष्पवर्षा के लिए हेलिकाॅप्टर के लिए भी प्रशासन से अनुमति ली गई है। विकास संकल्पों के साथ-साथ इस दौरान भाजपा की सदस्यता का भी लक्ष्य पूरा करने का संकल्प लिया जायेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. घासीराम पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को इस विशाल संकल्प रैली में आमंत्रित किया है।
जनताकी उम्मीदों पर खरा उतरना है: बिजावर।नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र गुप्ता की जीत के बाद संगठन का कार्यकर्ता सम्मेलन शनिवार को आयोजित किया गया। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा विधायक पुष्पेंद्र नाथ पाठक ने कार्यकर्ताओं काे संबोधित करते हुए कहा कि बिजावर की जनता ने पार्टी को ऐतिहासिक विजय दी है। अब सभी जनसेवा के लिए सक्रिय हों। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। कार्यक्रम के बाद दोपहिया और चार पहिया वाहनों की विशाल रैली निकाली गई। यह रैली डाकखाना चौराहा, बसस्टैंड, रतनगंज होते हुए गल्लामंडी परिसर पहुंची। यहां नव नियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा वे नगर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।