राष्ट्र के प्रति समर्पण ही शक्ति है
राष्ट्रीयस्वयं सेवक संघ के द्वारा रविवार को छतरपुर नगर के स्वयंसेवकों का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्वयं सेवकों को शारीरिक रूप से सुदृढ़ रहने का संदेश दिया गया। शारीरिक प्रदर्शन नाम के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सेवक उपस्थित रहे। आरएसएस के विष्णुदत्त चतुर्वेदी ने बताया कि शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम के हाकी ग्राउंड में शारीरिक प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन दोपहर साढ़े 3 बजे से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर जैन उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में विभाग प्रचारक पवन जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 90 वर्षों से स्वंयसेवक राष्ट्र के प्रति समर्पित रहे हैं। देश में किसी भी आपदा की स्थिति में स्वयंसेवकों ने आगे आकर राहत कार्य को अंजाम दिया है। राष्ट्र के प्रति यही समर्पण संघ की शक्ति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वयंसेवकों की भूमिका और बढ़ जाती है। ऐसे में प्रत्येक स्वयंसेवक अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहे। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को व्यायाम और आसन कराए गए। सभी स्वयंसेवक गणवेश में शामिल हुए। इस मौके पर नगर संघ चालक अशोक राय समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
छतरपुर। स्वयंसेवकों ने दूसरे चरण में व्यायाम का प्रदर्शन किया।