अब 102 डायल करने पर आएगी जननी एक्सप्रेस
अबतक जननी एक्सप्रेस वाहनों का संचालन जिलास्तर पर बनाए गए कॉल सेंटर के जरिए हो रहा है, लेकिन अब इसकी व्यवस्था भोपाल में स्थापित होने वाले एकीकृत कॉल सेंटर से की जा रही है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आगामी दिनों में 102 नंबर डायल करने पर जननी एक्सप्रेस वाहन उपलब्ध हो सकेगा।
गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों तक लाने और वापस छोडऩे के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जननी एक्सप्रेस योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत संचालित किए जा रहे वाहन को बुलाने के लिए वर्तमान में पूरे प्रदेश में जिलास्तर पर बनाए गए कॉल सेंटर पर कॉल करना होता है। इन कॉल सेंटर के नंबर अलग-अलग होते थे, लेकिन अब 108 एंबुलेंस सेवा की तर्ज पर इस व्यवस्था को भी लागू किया जा रहा है। 108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी अनुराग चतुर्वेदी कहते हैं कि भोपाल में एकीकृत कॉल सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसके बनने के बाद मार्च माह के अंत या अप्रैल माह की शुरुआत में यह व्यवस्था शुरू हो सकती है। इसके लिए प्रदेश स्तर पर 735 गाडिय़ां तैयार की जा रही हैं। ऐसा होने के बाद 102 नंबर डायल करने पर संबंधित व्यक्ति तक जननी एक्सप्रेस वाहन पहुंच जाएगा।
सीएमएचओ वीके गुप्ता कहते हैं कि वर्तमान की व्यवस्थाओं में जननी एक्सप्रेस वाहन में केवल ड्राइवर ही होता है और कॉल मिलने पर ड्राइवर प्रसूता को घर से अस्पताल और अस्पताल से घर पहुंचाता है।
इसमें रास्ते में प्रसव कराने की कोई व्यवस्था नहीं होती है, लेकिन नई व्यवस्था के तहत जननी एक्सप्रेस वाहनों में एडवांस लाइफ सपोर्ट की व्यवस्था भी मिल सकेगी। इससे वाहनों में भी प्रसव कराया जा सकेगा।