- Hindi News
- लोक अदालत में राजस्व के लंबित मामले निपटेंगे
लोक अदालत में राजस्व के लंबित मामले निपटेंगे
शहरके जिला न्यायालय में बुधवार को नेशनल लोक अदालत के संबंध में बैठक हुई। इस बैठक में 13 दिसंबर को होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियां के संबंध में चर्चा हुई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के और शासकीय विभागों में लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर ने नेशनल लोक अदालत में राजस्व विभाग के प्रकरणों के निराकरण के लिए अपर कलेक्टर एससी गंगवानी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन ने सभी अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय और सहयोग से लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कर आम जन को राहत दी जा सकती है।
कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर ने राजस्व न्यायालयों में और प्रशासनिक कार्यालयों की ओर से नेशनल लोक अदालत में पूरी तरह सहयोग करने का आश्वासन दिया। नेशनल लोक अदालत के जिला न्यायालय के लिए नोडल अधिकारी एडीजे संजीव दत्ता ने कहा कि नेशनल लोक अदालत में समझौता करने वाले सभी पक्षकारों को नि:शुल्क औषधीय फलदार पौधे प्रदान किए जाएंगे।
अधिवक्ता वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में न्यायाधीश एपी राहुल ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में विद्युत विभाग के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में आकर्षक छूट प्रदान की जा रही है। इसका फायदा उठाकर संबंधित उपभोक्ताओं को अपने प्रकरणों का निराकरण कराना चाहिए। इस संबंध में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने कहा कि नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य में अधिवक्ता संघ द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में जिला न्यायाधीश, चतुर्थ एडीजे कृष्णमूर्ति मिश्रा, सीजेएम संजय कश्तवार, अपर कलेक्टर एससी गंगवानी, एसडीएम डीपी द्विवेदी, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं अखिलेश निगम, विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा, अधिवक्ता संघ सचिव पंकज पाठक शामिल हुए।