पाहुंट परीक्षा से वंचित होने पर हंंगामा
व्यापमंकी ओर से रविवार को आयोजित प्री आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग परीक्षा (पाहुंट) से वंचित हुए लगभग 200 आवेदकों ने भगवत सहाय कॉलेज, माधव विधि कॉलेज साइंस कॉलेज में जमकर हंगामा किया। परीक्षा से वंचित आवेदकों का कहना था कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए एक साल तक कोचिंग की, लेकिन थोड़ी सी गलती पर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया गया। जिन्हें परीक्षा से वंचित किया गया है, उनके पास फॉर्म में लगाया गया आईडी प्रूफ नहीं था। प्रवेश पत्र में लगा फोटो भी राजपत्रित अधिकारी से वेरिफाई कराकर नहीं लाए थे।
भगवत सहाय कॉलेज में परीक्षा देने आई नेहा मांझी का कहना था कि उसके पास सभी दस्तावेज थे। फिर भी परीक्षा से वंचित कर दिया गया। डबरा से आए प्रभात शर्मा का कहना था कि प्रवेश पत्र को फोटो वेरीफिकेशन कराने के लिए वे गए थे और सुबह 10:15 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। फिर भी उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं किया गया। प्रभात ने कहा- मैं तो समय पर पहुंचा था, लेकिन सुरक्षाकर्मी ने मुख्य द्वार से अंदर ही नहीं जाने दिया। इसी तरह अन्य आवेदकों को जब परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आवेदकों को समझाइश देकर शांत कराया।
व्यापमं के नियमों के अनुसार कराई है परीक्षा
^व्यापमंके नियमों के अनुसार परीक्षा कराई गई है। ऐसे आवेदक परीक्षा से वंचित हुए हैं, जिनके पास पूरे दस्तावेज नहीं थे या फिर सुबह 10:15 बजे के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। डॉ.डीआर पवैया, प्रिंसिपल,साइंस कॉलेज नोडल केंद्र प्रभारी