व्यापारी द्वारा गुड़ बनाने के मामले में शासन को नोटिस
किसान का हक मारकर व्यापारी गन्ना क्रेशर से डबरा में गुड़ बना रहे हैं। साथ ही इस पर ये व्यापारिक टैक्स भी नहीं दे रहे हैं। इस मामले को लेकर दायर याचिका पर हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में शुक्रवार को सुनवाई हुई। जस्टिस आरएस झा व जस्टिस एमके मुदगल की डिवीजन बेंच ने याचिका पर सुनवाई के बाद राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव,कृषि विभाग के प्रमुख सचिव,दतिया कलेक्टर को नोटिस जारी किए।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता केके श्रीवास्तव ने कोर्ट में तर्क रखा कि डबरा कृषि मंडी में किसान बनकर व्यापारी गुड़ बेच रहे हैं। इससे किसानों काे लाभ नहीं मिल पा रहा है। याचिकाकर्ता मुकेश रावत ने दायर याचिका में कहा कि बाहर से आए व्यापारी गन्ना के क्रेशर का रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराते। इससे शासन का भी नुकसान होता है। वहीं डबरा में इस कारण से स्थानीय किसानों के कोल्हू भी बंद हो गए हैं। कोर्ट ने शासन से चार सप्ताह में जवाब तलब किया है।