- Hindi News
- विजयी उम्मीदवारों को आज मिलेंगे सर्टिफिकेट
विजयी उम्मीदवारों को आज मिलेंगे सर्टिफिकेट
दोदिन पहले जो उम्मीदवार पंच सरपंच के पदों पर जीत गए हैं उन्हें सोमवार को प्रमाण-पत्र बांटे जाएंगे। रविवार को जिला जनपद पंचायत सदस्यों के वोटों की गिनती एमएलबी कॉलेज में पूरी हो गई। काउंटिंग का सीन देखने सुबह दस बजे लोग जब एमएलबी कॉलेज पहुंचे तो यहां पर काउंटिंग पूरी हो चुकी थी। ऐसा पहली बार ईवीएम के उपयोग के कारण हुआ। सदस्य पद पर जीते हुए उम्मीदवारों को 27 28 फरवरी को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
मुरार ब्लाक में जिला पंचायत के तीन सदस्यों के लिए 43 तथा जनपद सदस्य के 25 पदों पर 139 उम्मीदवार मैदान में थे। इनके लिए ब्लाक में 169 पोलिंग सेंटर बनाए गए थे। वोटों की गिनती एमएलबी कॉलेज में सुबह सात बजे से चालू हुई। तीन घंटे बाद यानि दस बजे तक सभी पोलिंग सेंटरों की ईवीएम के वोट गिने जा चुके थे। किस पद पर कौन सा उम्मीदवार जीता इसकी जानकारी हॉल में मौजूद कार्यकर्ताओं को काउंटिंग स्लिप से मिल गई थी। सरकारी तौर पर जीते-हारे उम्मीदवारों की घोषणा बाद में होगी। चुनाव प्रभारी तहसीलदार उमेश कौरव ने बताया कि 27 फरवरी को जनपद पंचायत सदस्य पद पर जीते उम्मीदवार को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे जबकि 28 को जिपं सदस्य के उम्मीदवार को। उन्होंने कहा कि पंच-सरपंच के पदों पर जीते उम्मीदवारों को मुरार जनपद में 9 फरवरी को प्रमाण-पत्र मिलेंगे।
अगले चरण की ट्रेनिंग पूरी
डबराघाटीगांव ब्लाॅक के लिए पंचायत चुनाव का अंतिम चरण 22 फरवरी को होगा। डबरा में 210 पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं जबकि घाटीगांव में 187 पोलिंग पार्टियों में शामिल अमले के लिए भारतीय यात्रा प्रबंधन संस्थान में दो दिन की ट्रेनिंग रविवार को खत्म हो गई। इस ट्रेनिंग में 3 हजार 779 लोग शामिल हुए।