- Hindi News
- प्रशासन ने रूकवाया स्कूल परिसर में मंदिर का काम
प्रशासन ने रूकवाया स्कूल परिसर में मंदिर का काम
जनपदपंचायत दमोह के अंतर्गत आने वाले टौरी मिडिल स्कूल में गांव के प्रभावशाली लोगों द्वारा मंदिर बनाया जा रहा था। मामले की जानकारी लगने के बाद एसडीएम के निर्देश पर मंदिर निर्माण का काम रोक दिया गया है।
एसडीएम मनोज सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इमलियाघाट पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचकर स्कूल में मंदिर बनाने वाले लोगों को समझाइश दी एवं मंदिर काम रूकवाकर आगे किसी भी तरह से निर्माण करने की हिदायत दी। इसके अलावा मंदिर निर्माण के लिए जो दीवारें खड़ी की गई हैं उसे भी संबंधित लोगों से जल्द ही गिराने को कहा। जिसके बाद मंदिर बनाने का काम रोक दिया गया। एडीएम श्री सिंह ने बताया कि स्कूल की जमीन पर किसी भी तरह से अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा यहां पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में मंदिर बनाने वाले लोगों का कहना था कि इस स्थान पर हर साल दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाती है जिसके चलते यहां पर मंदिर बनाया जा रहा था। गौरतलब हो कि मिडिल स्कूल के सामने प्रार्थना सभा वाले स्थल पर मंदिर बनाया जा रहा था जिसके चलते बच्चों को प्रार्थना के लिए जगह नहीं बची थी। मामले को लेकर हेडमास्टर द्वारा द्वारा डीईओ डीपीसी को शिकायत की गई थी।