- Hindi News
- पिता की दो एकड़ जमीन नाम कराने महिला को जिंदा जलाया
पिता की दो एकड़ जमीन नाम कराने महिला को जिंदा जलाया
हटाथाना क्षेत्र के दांडी कांटी गांव निवासी एक महिला को दहेज के लिए ससुराल वालों ने जिंदा जला दिया। महिला के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 28 वर्षीय गोमती राजपूत को गंभीर हालत में रविवार की शाम करीब 7 बजे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। लेकिन आग से जलने के कारण उसकी हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि बॉटल लगाने के लिए नस नहीं मिल रही थी। घंटों तक महिला को जिला अस्पताल में इलाज नहीं मिल सका। बाद में महिला की मौत हो गई।
महिला के पिता मगराेन थाना क्षेत्र के नीमी गांव निवासी सुंदर सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब पांच साल पहले दांडी कांटी गांव निवासी रब्बू राजपूत के साथ हुई थी। उनकी बेटी की दो संताने हैं। पहला बेटा राज 4 साल का है दूसरी बेटी मानसी करीब एक साल की है जो उनके पास ही रहती है।
उन्होंने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी को परेशान करने लगे थे। दहेज के लिए आए दिन मारपीट करते थे। इसकी शिकायत उन्होंने एक बार हटा पुलिस थाना में की थी, फतेहपुर में भी एक बार शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि बेटी की ससुराल में उनकी दो एकड़ जमीन है जो गोमती के सुसराल वाले अपने नाम कराना चाहते थे इसके लिए वे बेटी को परेशान करते थे। रविवार की दोपहर करीब 12 बजे उन्हें लड़की के गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि उनकी बेटी को आग लगा दी है। तो वे तत्काल बेटी के ससुराल पहुंचे और उसे गंभीर हालत में पहले हटा अस्पताल लेकर जहां उसे दमोह रैफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब 9-10 बजे के बीच की है। गंभीर हालत में भर्ती महिला ने बताया कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और सास गुलाबबाई, नंद रीता ने उसे आग लगा दी। महिला के भाई प्रेम सिंह का आरोप है कि उनकी बहन को आग लगाने के बाद घर में पड़े रहने दिया। किसी ने इलाज कराने की कोशिश भी नहीं की। इसलिए इलाज में देरी हो गई। जिला अस्पताल में आने के बाद उसकी नस नहीं मिलने से उसे समय पर इलाज भी नहीं मिल पाया। आखिरकार तड़पते-तड़पते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।