- Hindi News
- पांच दिन बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं की चोरी की एफआईआर
पांच दिन बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं की चोरी की एफआईआर
शहरकी सीमा से सटे हिंडोरिया कस्बा के विद्युत मंडल स्टोर में हुई डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति चोरी मामले में पुलिस ने एक सप्ताह गुजर जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस के इस रवैये से बिजली विभाग के अधिकारी भी परेशान है और वे लगातार हिंडोरिया थाना के चक्कर काट रहे हैं। मंगलवार की देर शाम तक भी हिंडोरिया पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज नहीं किया है।
बिजली कंपनी के हिंडोरिया स्टोर में 16-17 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का कॉपर तार सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस घटना की जानकारी अगले दिन ही सुबह बिजली कंपनी के अधिकारियों को लग गई थी। विभाग के एई सुनील कुमार ने 17 सितंबर की सुबह हिंडोरिया थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने बताया कि हिंडोरिया थाना के एएसआई जांच के लिए एक ही बार आए और उसके बाद से वे कई बार थाना जाकर एफआईआर के लिए कह चुके, लेकिन पुलिस ने अब तक मामला ही दर्ज नहीं किया है। एई सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार को ही वे हिंडोरिया थाना गए थे, लेकिन थाना प्रभारी वहां मौजूद नहीं थे। इस बारे में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा का कहना है कि पुलिस जांच के बाद एफआईआर जरूर होगी। यदि इस मामले में थाना स्तर पर लापरवाही हो रही होगी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।