- Hindi News
- प्रदेश की सरकार कंगाल हो चुकी है : डॉ. चौधरी
प्रदेश की सरकार कंगाल हो चुकी है : डॉ. चौधरी
कांग्रेसके संभागीय प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आठ महीने में लगातार छटवीं बार कर्ज ले रही है। कर्ज लेने का रिकॉर्ड बनाते हुए प्रदेश की सरकार कंगाल हो चुकी है। डॉ. चौधरी गुरुवार की शाम यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि मप्र की शिवराज सरकार अभी तक पांच किश्तों में 5500 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। अब फिर से वह 750 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सारे भुगतानों पर रोक लगा दी है। कर्मचारियों को सात प्रतिशत महंगाई भत्ता का तीन माह का एरियर भी नकद देने की जगह जीपीएफ में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के खत्म होने के साथ ही मप्र उन चार-पांच राज्यों के साथ शामिल हो जाएगा जिन पर एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है।
संभागीय प्रवक्ता डॉ. चौधरी ने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर मुद्दे को इसलिए उठा रही है ताकि मप्र सरकार अपनी नाकामी का बोझ आम जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाकर डाल पाए। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो मप्र के वित्त मंत्री के दमोह आवास का घेराव करके आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण टंडन, सतीश नायक, शैलेंद्र राव सहित आदि पदाधिकारी मौजूद थे।