बालक लापता, अपहरण की आशंका
कहा मारपीट करने के बाद कुछ युवक बाइक पर बैठाकर ले गए हैं बालक को
भास्करसंवाददाता| दमोह
शहरके नीलकमल मैरिज गार्डन के सामने से दो दिन पहले एक 12 साल का बालक लापता हो गया। परिजनों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर बालक के अपहरण होने की आशंका जताई है। परिजनों ने कुछ आरोपियों के नाम बताते हुए उन पर बालक के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में बालक के परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन दो दिन बाद भी बालक का कुछ पता नहीं लगने पर उन्होंने एसपी कार्यालय जाकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
शहर के सिविल वार्ड नंबर 10 सिंधी कैंप निवासी चंदू राठौर का 12 साल का बेटा अरविंद 8 फरवरी को नीलकमल मैरिज गार्डन में किसी तिवारी परिवार की शादी में चल रहे रिशेप्शन में मोहल्ले के आकाश नाम के लड़के साथ खाना खाने आया था। जहां से लौटकर वह घर वापस नहीं पहुंचा। चंदू राठौर ने बताया कि वे अग्रवाल स्कूल के पास चाय-नाश्ता की दुकान चलाते हैं उनका बेटा अरविंद 8 फरवरी को रात करीब 9 बजे घर से निकला था, इसके बाद करीब 10 बजे उन्हें किसी ने जानकारी दी कि उनके बेटे के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं, जब वे गार्डन के पास पहुंचे तो उन्हें वहां उनका बेटा नहीं मिला। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें जानकारी दी थी कि बाइक को छूने के बात पर से उनके बेटे के साथ मारपीट की गई एवं मारपीट करने वाले युवक बाइक पर बैठाकर उसे ले गए। अरविंद की मां ने आराेप लगाते हुए बताया कि शुभम, निर्जल, मोहित नाम के युवकों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की है और उन्होंने ही उनके बेटे का अपहरण किया है।
पुलिस जांच कर रही है
मामलेके संबंध में कोतवाली टीआई केके त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस लगातार बालक का पता लगा रही है। उसके साथ मारपीट हुई है तो आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो बार गश्त खाकर गिरी मां
लापताअरविंद की मां दीपारानी एसपी आफिस में चीख-चीखकर चिल्ला रही थी उनके बेटे के साथ मारपीट करने वालों का पता चल सकता है यदि पुलिस गार्डन के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो उसमें कुछ दिख जाए। उसने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि दो दिन हो गए पुलिस उनके बेटे को खोजने में मदद नहीं कर रही है। अपने बेटे के लापता होने के गम में दीपारानी ने दो दिन से कुछ खाया पिया भी नहीं, वह एसपी कार्यालय परिसर में ही गश्त खाकर गिर गई। इसके बाद एडिशनल एसपी ने सभी को कोतवाली जाकर टीआई से मिलने को कहा तो कोतवाली में भी दीपारानी कुर्सी पर बैठे-बैठे चक्कर खाकर गिर गई। दीपारानी के तीन बेटों में अरविंद तीसरे नंबर का बेटा है। उसके लापता हो जाने से उसकी भूख प्यास भी चली गई है।
अरविंद।
बेटे के अपहरण की आशंका को लेकर परिजनों सहित वार्ड के लोगों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लापता बालक की मांग गश्त खाकर एसपी कार्यालय परिसर में ही गिर गई।