बीस वार्डों को मिलेगी जलसंकट से मुक्ति
वर्षोंसे जलसंकट की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों को जल्द ही इस समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। मिशन जुझारघाट के तहत मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष मालती असाटी, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चंदेल, सीएमओ सुधीर सिंह सिद्धार्थ मलैया की मौजूदगी में शहर में पाइप लाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया गया। सीएमओ सुधीर सिंह ने बताया कि जुझारघाट परियोजना के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में टंकियों का निर्माण किया जाता है। जिसके तहत गजानन टेकरी पर भी एक और टंकी बनाई जाना है। जिसके लिए मंगलवार को पाइप लाइन का भूमिपूजन किया गया। फिल्टर प्लांट से गजाजन टेकरी के संपवेल तक पाइप लाइन डाली जाएगी। जिससे गजानन टेकरी के आसपास के 20 वार्डों में पेयजल समस्या दूर हो जाएगा और लोगों को प्रतिदिन पर्याप्त पानी मिलेगा। बुधवार को टंकी का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जो पाइप लाइन डली है उससे काफी मात्रा में पानी बर्बाद होता है। फिल्टर प्लांट से प्रतिदिन 13 लाख गैलन पानी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छोड़ा जाता है लेकिन पाइप लाइनों में जगह-जगह लीकेज होने के कारण आधे से अधिक पानी बर्बाद हो जाता है।
इसी के चलते शहर में नई टंकियों के साथ नई पाइप लाइन भी बिछाई जा रही है। जुझारघाट परियोजना का काम भी तीव्र गति से चल रहा है। जिससे आगामी महीने में शहर में पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
शुभारंभ
पाइप लाइन बिछाने के लिए मंगलवार को नगर पालिका ने भूमि पूजन किया।