- Hindi News
- अब सड़कों पर यात्री बसें खड़ी करना महंगा पड़ेगा
अब सड़कों पर यात्री बसें खड़ी करना महंगा पड़ेगा
शहरमें जहां-तहां बीच सड़क पर यात्री बसों को खड़ा करके यातायात प्रभावित करने वाले बस ड्राइवरों और बस ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए रविवार को शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर खड़ी यात्री बस ड्राइवरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह अभियान पुलिस लगातार चलाएगी। शहर में एक ओर जहां सड़कों के किनारे अतिक्रमण के कारण सड़कें सकरी हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर यात्री बसों के द्वारा भी समस्या को और उलझाया जा रहा है। इस मामले में अब पुलिस ने दखल देना शुरू कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने रविवार को ही सड़क पर बस खड़ी कर आवागमन अवरुद्ध करने वाले तीन बस ड्राइवरों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया रविवार को बस क्रमांक एमपी 34 0547, बस क्रमांक एमपी 14 पी 0511 एवं बस क्रमांक एमपी 16 9477 के ड्राइवरों ने बसें मुख्य सड़कों पर ही खड़ी कर दी थीं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने तुरंत तीनों बसों के ड्राइवर संतोष दुबे, लक्ष्मण सिंह और अहमद खां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पहली बार पुलिस द्वारा इस तरह से कार्रवाई किए जाने के बाद यात्री बस चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।