नवरात्र में तीन भवनों का होगा लोकार्पण
शहरमें सरकारी कार्यालय भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस साल के अंत तक शहर सहित जिले में कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे। इससे जिले के विकास को आधारभूत ढांचा मिल जाएगा। फिलहाल तो शहर में बनकर तैयार हो चुके भवनों के लोकार्पण का इंतजार है। नवरात्र पर्व के दौरान शासकीय ऊर्दू स्कूल भवन, खेल प्रशिक्षण केंद्र और शहर विकास अभिकरण कार्यालय भवन का लोकार्पण हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के ईई एवं संभागीय परियोजना यंत्री पीआईयू अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शहर के एसपीएम नगर स्थित खेल प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है। यह निर्माण करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है। परिसर में पौधरोपण करके पूरी तरह से बच्चों को खेलने के लिए तैयार कर दिया गया है। पितृ पक्ष खत्म होते ही इस खेल प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण समारोहपूर्वक करा दिया जाएगा। इसी तरह शासकीय ऊर्दू स्कूल भवन का निर्माण कार्य भी एक करोड़ रुपए की लागत से पूरा हो गया है। कलेक्टोरेट भवन में स्थित शहरी विकास अभिकरण के कार्यालय भवन का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इस कार्यालय को एल्यूमीनियम और ग्लास से बनाया गया है। इन भवनों के लोकार्पण भी नवरात्र के दौरान हो जाएंगे और स्कूल में कक्षाएं लगने लगेंगी तथा खेल परिसर में खेल गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। डूडा का कार्यालय भी नवरात्र से नए भवन में संचालित होने लगेगा। इस साल के अंत तक शहर में मॉडल स्कूल भवन, जटाशंकर मंदिर क्षेत्र में पर्यटक धर्मशाला और जेल तिराहा, कीर्ति स्तंभ चौराहा के सौंदर्यीकरण का काम भी पूरा हो जाएगा। उधर बालाकोट रोड पर आरटीओ कार्यालय भवन का निर्माण भी तेजी से शुरू हो गया है। एक साल के अंदर यह भवन भी बनकर तैयार हो जाएगा।
दमोह। उर्दूस्कूल भवन बनकर तैयार खड़ा है। नवरात्र पर भवन का शुभांरभ किया जाएगा।