टीसी नहीं मिलने से छात्र नाराज
गार्ड ने किया मारपीट का किया प्रयास
शहरके शासकीय पीजी काॅलेज में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। चार दिन पहले काॅलेज में उपद्रव-तोड़फोड़ के बाद अब प्राचार्य और छात्र के बीच तकरार को लेकर नया विवाद होने लगा है। जिस छात्र ने कालेज में हुए भ्रष्टाचार और खरीदी सहित प्राचार्य की बेटी के एक साल से काॅलेज नहीं आने के कारणों को लेकर सूचना अधिकार लगाया था, उसे अब काॅलेज में प्रताड़ना मिल रही है। छात्र शुभम तिवारी ने बताया कि प्राचार्य उन्हें लगातार परेशान कर रही हैं। उसे काॅलेज नहीं आने दिया जा रहा है। प्रताड़ना से परेशान होकर ही उसने कालेज से अपनी टीसी कटाने के लिए प्राचार्य को आवेदन दिया है, लेकिन प्राचार्य टीसी नहीं दे रही हैं। वे सूचना का अधिकार वापस लेने के लिए दबाव बना रही हैं। साथ ही झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश कर रही हैं। शुभम तिवारी ने बताया कि गुरुवार की शाम 4 बजे कालेज में वह टीसी के लिए प्राचार्य के पास गया था, लेकिन प्राचार्य के इशारे पर यहां के प्राइवेट गार्ड ने उसके साथ मारपीट का प्रयास किया। इस दौरान कालेज के प्राध्यापक भी मौजूद थे। शुभम तिवारी ने कि वह गरीब परिवार से है और पढ़ने खेलने में उसकी रुचि है। लेकिन काॅलेज की ओर से तो उसे खेलने दिया जा रहा है और नही पढ़ने के लिए काॅलेज आने दिया जा रहा है।
जबकि वह पांच बार अलग-अलग विधाओं में कालेज की ओर से डिवीजन तक खेलकर आया है और साइंस प्रदर्शनी में नेशनल विनर भी रह चुका है। लेकिन काॅलेज में उसकी प्रतिभा का गला घोंटा जा रहा है। इस बारे में डॉ. रेवा चौधरी का कहना है कि छात्र शुभम तिवारी को प्रताड़ित नहीं कर रहे हैं। टीसी काटने के पहले जो पूरी प्रक्रिया होती है उसका पालन किया जा रहा है। बाद में टीसी दे दी जाएगी।