स्कूल की जमीन पर बना रहे मंदिर
जनपददमोह के अंतर्गत आने वाले ग्राम टौरी के मिडिल स्कूल परिसर में गांव के प्रभावशाली लोगों द्वारा स्कूल की जमीन पर मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके चलते स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब प्रार्थना के लिए भी जगह नहीं बची है। बताया गया है गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा तीन दिन पहले अचानक स्कूल के कार्यालय के सामने प्रार्थना स्थल पर नींव खोदकर मंदिर का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए उन्होंने हेडमास्टर से भी अनुमति लेना जरूरी नहीं समझा। दूसरी ओर ग्राम पंचायत द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस मामले की शिकायत स्कूल के हेडमास्टर द्वारा डीईओ डीपीसी से की गई लेकिन अब तक किसी ने भी स्कूल पहुंचकर स्थिति का अवलोकन नहीं किया। हालही में मंदिर के लिए दीवारें खड़ी कर दी गई हैं। कुछ ही दिन में मंदिर का काम पूरा होने के बाद यहां पर मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी। ऐसी स्थिति में प्रशासन को मंदिर को हटाने में परेशानी उठाना पड़ सकती है। हेडमास्टर जीएस अहिरवाल ने बताया कि जिस जगह मंदिर बनाया जा रहा है वह स्कूल कार्यालय के सामने है। वहां पर स्कूल के बच्चे हर दिन प्रार्थना करते है। यदि मंदिर बनाना ही है तो आसपास किसी अन्य स्थान पर बना सकते हैं। वहीं स्कूल के छात्र विनोद, राकेश, रश्मि, उमाकांत ने बताया कि जहां पर मंदिर बनाया जा रहा है वहां पर सभी छात्र सामूहिक प्रार्थना करते हैं। इसलिए कहीं और पर मंदिर बनाया जाए। स्कूल के छात्रों ने कलेक्टर एवं एसपी से गुहार लगाकर स्कूल की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। गौरतलब हो कि कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह द्वारा टीएल बैठक के दौरान शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए थे। इस मामले में डीईओ एसके नेमा का कहना है कि स्कूल की जमीन पर किसी को भी अतिक्रमण करने नहीं दिया जाएगा। शीघ्र ही इस मामले की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ी तो पुलिस में शिकायत भी की जाएगी।
हटायाजाएगा अतिक्रमण
मिडिलस्कूल टौरी में स्कूल के सामने मंदिर बनाने की शिकायत मिली है। इस मामले में कल ही नायब तहसीलदार को भेजकर स्कूल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मनोजसिंह ठाकुर, एसडीएमदमोह