- Hindi News
- सुंदरकांड पाठ के साथ आज होगा हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ
सुंदरकांड पाठ के साथ आज होगा हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ
विश्व हिंदू परिषद के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जंयती वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को होने जा रहे विराट हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने के लिए बजरंग दल, हिंदू युवा शक्ति मंच के माध्यम से जागरूकता रैली निकाली गई। वाहन रैली हिंदू सम्मेलन स्थल सरस्वती शिशु मंदिर रेस्ट हाउस के पास से दोपहर 2 बजे शुरू हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों को होते हुए निकली। वाहन रैली के दौरान लोगों को सम्मेलन में आने का न्यौता भी दिया गया। वाहन रैली में रमाशंकर ताम्रकार कार्यक्रम संयोजक, शशिकांत असाटी, राजेश ताम्रकार, नरेंद्र जैन, पवन रजक विभाग संयोजक, वीरू राठौर, हल्लू सोनी, मोहित राय, सूरज अठ्या, विवेक बडगैया, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
एकजुटकरने हो रहा आयोजन : तिवारी
दमोह।विहिप के स्वर्ण जयंती वर्ष महोत्सव समिति महाकौशल प्रांत के मंत्री राजेश तिवारी ने हिंदू सम्मेलन की पूर्व संध्या पर दमोह में प्रेस कांफ्रेंस में आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंदू समाज को एकजुट करने और देश को गौरवशाली अतीत की तरह दोबारा से विश्व गुरू बनाने की मंशा से देशभर में स्वर्ण जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय सम्मेलन के बाद मातृशक्ति-दुर्गावाहिनी के विभाग बार सम्मेलन होंगे। इसके बाद रामोत्सव कार्यक्रम, शौर्य प्रशिक्षण वर्ग, परिषद शिक्षा वर्ग, वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद सितंबर माह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन स्वर्ण जयंती महोत्सव का समापन होगा। इस मौके पर बजरंग दल के जिला संयोजक विक्रांत गुप्ता विक्की, रमाशंकर ताम्रकार, अबंती रजक, श्रीराम पटेल ने हिंदू सम्मेलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बजरंग दल जिला संयोजक विक्की गुप्ता ने बताया कि रविवार को होने जा रहे हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 10 बजे से स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर गर्ल्स सकूल किल्लाई नाका में सुंदरकांड पाठ कर विधि विधान से पूजन कर प्रारंभ किया जाएगा। हिंदू युवा शक्ति मंच के जिला संयोजक शोभित गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में हरिद्धार से श्री महामंडलेश्वर स्वामी अखलेश्वरानंद जी, पं. अमृतदास, क्षेत्रीय धर्मजागरण प्रमुख पं. जुगराजधर द्विवेदी, संघ के विभाग कार्यवाह रामलाल पटेल मौजूद रहेंगे। सभी कार्यक्रम में अन्य संत महात्मा भी मंचासीन होंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में करीब 5 हजार से अधिक लोगों को एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इतने ही लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था हिंदू परिवारों से की गई है। ढाई हजार घरों से भोपाल के दो-दो पैकेज एकत्र किए जाएंगे।
विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा शनिवार को शहर में वाहन रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।