बजट का समय पर पूरा उपयोग करें : सांसद
राष्ट्रीयग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सर्तकता समिति के दमोह जिले के अध्यक्ष सांसद प्रहलाद पटेल ने समिति की पहली बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि शासन से प्राप्त बजट का समय पर पूर्ण उपयोग हो। इस तरह की कार्ययोजना बनाकर पारदर्शिता से कार्य किया जाए। प्राप्त बजट में से दवाईयों-भत्तो पर राशि व्यय के बाद राशि बचती है तो अन्य कार्यो पर व्यय करने शासन स्तर से अनुमति लेकर कार्य किया जाए।
बैठक में विधायक लखन पटेल, विधायक उमा देवी खटीक, विधायक प्रताप सिंह, कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ. जेसी जटिया मौजूद थे। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सांसद श्री पटेल ने जिला अस्पताल में स्थापित ब्लड बैंक में ब्लॅड यूनिट की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए कहा हम ब्लॅड बैंक में ब्लॅड यूनिट पर्याप्त सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा हम एक साल में 700 से 900 यूनिट ब्लॅड मेडिकल कॉलेज में मुहैया करवाते हैं इसके लिए गोटेगांव सहित 3 स्थलों में केंप करवाते हैं। उन्होंने जिला अस्पताल में स्थापित ब्लॅड बैंक की क्षमता बढ़वानें के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा हम यहां भी केंप कराकर जिला अस्पताल को ब्लॅड मुहैया करवाएंगें ताकि जरूरतमंदो को समय पर ब्लॅड मिल सके। समिति के अध्यक्ष और सांसद श्री पटेल ने जिला अस्पताल में दंत विभाग के संबंध में चर्चा कर जरूरी सुविधाएं मुहैया कराए जाने के निर्देश सीएमएचओ डॉ. ओपी गौतम को दिए। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की पदस्थापना के संबंध में कहा इच्छुक चिकित्सकों की इन क्षेत्रों में पदस्थापना की जाए। उन्हें विशेष इनसेंटिया दिया जाए। कलेक्टर ने बताया कि जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने 40 डिलेवरी पाइंट बनाए गए हैं, मुफ्त दवा और नि:शुल्क परिवहन की व्यवस्था की गई है। इसके बेहतर परिणाम आए हैं। उन्होंने कहा हर माह स्वास्थ्य विभाग की गहन समीक्षा की जा रही है, इसके परिणाम बेहतर आए हैं।
लापरवाही की तो होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा आशा कार्यकत्ताओं की ट्रेनिंग समय-सीमा पर कराई जाती है और उनके द्वारा बेहतर कार्य भी किया जा रहा है जो कार्यकर्ता लापवाही बरती है, उनके विरूद्ध कार्यवाही की गई है। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. ओपी गौतम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. खरे, जिला छय अधिकारी डॉ. गिरिश जैन, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. पीसी स्वर्णकार ने पावर पाइंट के माध्यम से स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। डॉ. गौतम ने स्वाइन फ्लू के संबंध में बताया जिले में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। जिला अस्पताल में विशेष केयर सेंटर बनाया गया है, और इलाज के लिए पर्याप्त दवाईयां उपलब्ध है। उन्होंने स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी दी। फेमिली प्लानिंग लक्ष्य 12 हजार के विरूद्ध 7 हजार प्राप्ति और किए जा रहे प्रयासों और फेमिली प्लानिंग गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। डॉ. गौतम ने बताया 10 फरवरी को नेशनल डी वर्मिग डे मनाया जाएगा। दवाईयां सभी जगह पहुंचा दी गई है और प्रचार-प्रसार भी कराया गया है। बैठक में समिति के सदस्य और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डाक्टर मौजूद थे।
दमोह। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सर्तकता समिति की बैठक हुई।