- Hindi News
- बिना बिजली के 1000 छात्रों का भविष्य हो रहा अंधकारमय
बिना बिजली के 1000 छात्रों का भविष्य हो रहा अंधकारमय
ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बिजली जोड़ने की मांग
भास्करसंवाददाता। दमोह
जिलेके तेंदूखेड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम सर्रा में पिछले चार माह से बिजली बंद होने से अंधेरा छाया हुआ है। जिससे ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
आगामी दिनों में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं मार्च माह के प्रथम सप्ताह में शुरू होने वाली हैं। ऐसे में यहां के छात्रों को अपना भविष्य अंधकारमय दिखाई दे रहा है। गौरतलब हो कि सर्रा हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 1 हजार छात्र अध्ययनरत हैं। इन सभी छात्रों की परीक्षाएं मार्च माह में प्रारंभ हो जाएंगी। लेकिन गांव में चार माह से बिजली होने के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्र डिब्बी की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं। छात्रों की इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की बिजली बहाल करने की मांग की है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से गांव के परमसुख कुर्मी ने बताया कि बिजली विभाग ने मनमाने तरीके से चार माह पहले पूरे गांव की बिजली काट दी है। विभागीय कर्मचारियों ने गांव के लोगों से अवैध रूप से मोटरों का पैसा वसूल लिया लेकिन किसी को भी रसीद नहीं दी गई। कुछ लोगों को सात हजार के स्थान पर पांच हजार रुपए की रसीद दी गई। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से मीटरों की रीडिंग नहीं की गई। जिससे ग्रामीणों को मनमाने तरीके से बिल बांटे गए। गरीब से गरीब परिवार को भी हजारों रुपए का बिल थमा दिया गया। जिसे भरने में ग्रामीण असमर्थ हैं। लंबे समय से बिजली होने के कारण गांव के लोगों को आटा पिसाने, मोबाइल चार्ज करने सहित अन्य कार्यों के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आगामी मार्च माह में छात्रों की परीक्षाएं प्रारंभ होने वाली हैं। बिजली होने के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं छात्र राजेश, विनय, साहब सिंह ने बताया कि उनकी 3 मार्च से बोर्ड परीक्षा है। तीन चार माह तो जैसे-तैसे डिब्बी की रोशनी में पढ़ाई कर ली। लेकिन परीक्षा को कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में बिजली मिलने से पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही हैं। जिससे स्कूल के सभी छात्रों को अपना भविष्य अंधकारमय लग रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से जल्द से जल्द गांव की बिजली जोड़ने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में केवल यादव, बालकिशन कुर्मी, कमलेश जैन, बसोरी पटेल, गंगाराम, नरेश सिंह, खरगराम कुर्मी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।