अतिक्रमण हटाने गया नपा अमला बिना कार्रवाई लौटा
अतिक्रमण दस्ता डेढ़ घंटे तक मौके पर खड़े रहे हैं
भास्कर संवाददाता| दमोह
शहर के तीन गुल्ली चौराहा से मलैया मील फाटक तक नाली निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाने गया नगर पालिका का अमला बैरंग लौट गया। सीएमओ सुधीर सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ता के कर्मचारी करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर खड़े रहे हैं, लेकिन बाद में किसी का फोन आने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। दरअसल तीन गुल्ली के सकरे मार्ग को चौड़ा करने के लिए दो माह इस मार्ग पर गिट्टी बिछाई गई थी। उसके बाद अतिक्रमण के चलते सड़क का काम अधूरा छाेड़ दिया गया। जिससे लोगों को आवागमन करने में भारी परेशानियां झेलना पड़ रहीं थीं। हालही में पीडब्ल्यूडी द्वारा अतिक्रमण को चिन्हित किया गया। किसी के चार फीट तो किसी के 5 फीट तक मकान तोड़े जाना थे। इसके लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा शुक्रवार को अतिक्रमण हटाया जाना था। जिसके लिए उन्होंने नगर पालिका से सहयोग मांगा। नगर पालिका का अमला सुबह 11 बजे ही अतिक्रमण तोड़ने पहुंच गया था। लेकिन करीब एक घंटे तक पीडब्ल्यूडी से एक भी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। करीब एक घंटे बाद सीएमओ के मोबाइल पर किसी का फोन आया कि अब अतिक्रमण नहीं तोड़ना है, आप चले जाइए। इसके बाद नगर पालिका का अमला बैरंग लौट गया। इस दौरान सब इंजीनियर सुशील अग्रवाल, एके जैन, सपन मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
हां तोड़ने आए थे अतिक्रमण
पीडब्ल्यूडी द्वारा यहां के अतिक्रमण तोड़ने के लिए सहयोग मांगा गया था। जिससे पूरा अमला यहां पहुंच गया। लेकिन पीडब्ल्यूडी से एक भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में बताया गया कि अभी अतिक्रमण नहीं तोड़ना है। जिससे अमले को वापस लौटाना पड़ा। सुधीर सिंह, नपा सीएमओ
दमोह। तीन गुल्ली के पास अतिक्रमण हटाने पहुंचा नपा का अमला।
दो माह से अधूरा पड़ा है मार्ग
गाैरतलब है कि दो माह से अधूरे पड़े इस मार्ग पर रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। मार्ग सकरा होने के कारण यहां पर फाटक बंद होते ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। फाटक के दूसरी ओर स्कूल, कॉलेज सहित दो वार्ड के हजारों लोगों का आना जाना लगा रहता है। ऐसी स्थिति में क्रासिंग के दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए यहां पर सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है।