ट्रैफिक प्रभारी वाहन दुर्घटना में घायल
दमोह| शहर के ट्रैफिक प्रभारी बुधवार को वाहन दुर्घटना का शिकार हो गए। यातायात पुलिस के वाहन से ही उन्हें टक्कर लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर बस स्टैंड चौराहा के पास की है।
जानकारी अनुसार यातायात प्रभारी भल्ला दुबे बस स्टैंड से किल्लाई नाका मार्ग पर सड़क किनारे खड़े होने वाले बेतरतीब चार पहिया वाहनों को व्यवस्थित करा रहे थे, इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस के स्वयं के वाहन को पीछे मोड़ते समय उन्हें टक्कर लग गई। बताया गया है कि वाहन चालक हरिशंकर चला रहा था, जिसने पीछे ध्यान नहीं दिया और वाहन को बेक करने लगा। इसी बीच पीछे खड़े ट्रैफिक प्रभारी श्री दुबे को टक्कर लग गई और वे नीचे गिर गए जिससे उनके पैर में गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में उन्हें उसी वाहन में ही जिला अस्पताल लाया गया जहां उनके पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई केके त्रिपाठी भी जिला अस्पताल पहुंचे और यातायात प्रभारी की हाल जाना। बाद में श्री दुबे को जबलपुर रेफर कर दिया गया।