युवक कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई
नवीन मतदाता परिचय पत्र के निर्माण में संशोधित, डुप्लीकेट परिचय पत्र निर्माण कार्य में लगातार लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही है। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है विगत सात माह पूर्व जमा किए गए आवेदनों पर आज तक कोई प्रभावशील कार्यवाही नहीं हुई है और न ही नवीन एवं संशोधित परिचय पत्र आवेदकों को प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को जनसुनवाई में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार एलके खरे के समक्ष एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया कि निर्वाचन कार्यालय हटा में संपर्क करने पर कर्मचारियों द्वारा निर्वाचन कार्यालय दमोह द्वारा नवीन, संशोधित परिचय पत्र हटा कार्यालय में न भेजे जाने की बात कही जा रही है और बताया जा रहा है कि दमोह के ठेकेदार द्वारा कार्ड जारी नहीं किए जा रहे हैं। ज्ञापन में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार एलके खरे ने आश्वासन देते हुए परिचय पत्र निर्माण कार्य सुचारू कराने की बात की है। ज्ञापन के दौरान राजेश बड़गैया, शेख रफीक खान, ब्रजनंदन खटीक, डब्बू महाजन, नवल अहिरवार, राजकुमार राही, शारदा प्रसाद, उदयभान, खरगु भाटिया, फिरोज खान, सकील बजाज, शुभम दुबे, राजेश यादव, शंकर बर्मन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
मिडिल स्कूल में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता हुई: बनवार। संकुल केंद्र बम्हौरी के मिडिल स्कूल में निबंध चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ईको क्लब प्रभारी शिक्षिका सविता यादव के निर्देशन में जागरूकता रैली निकाली गई।
जिसमें लोगों को अपने आसपास की साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद स्कूल में निबंध, चित्रकला प्रतियोगिता हुई, जिसमें स्वच्छता पर्यावरण संतुलन के चित्र बनाए गए। प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। स्कूल प्रभारी संतोष बड़ोनिया सहित समस्त शिक्षक मौजूद थे।