सांसद ने आचार्यश्री को श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद
तेंदूखेड़ा | बुधवार को शांतिनाथ मंदिर में ससंघ विराजमान आचार्यश्री विद्यासागर महाराज को दमोह लोक सभा क्षेत्र के सांसद प्रहलाद पटेल ने श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया। वे शाम 5 बजे तेंदूखेड़ा पंहुचे। 17 दिनों से आचार्यश्री नगर में विराजमान हैं। यह पहला मौका है कि नगर की जैन समाज के अलावा सभी समाज के लोगों को इतने दिनों से आशीर्वाद मिल रहा है। प्रतिदिन सुबह से आचार्यश्री का पूजन इसके बाद सुबह 10 बजे आहार चर्या के लिए नगर में जैन समाज के द्वारा लगभग 100 से 125 चौके लगाए जा रहे हैं। चौका लगाने वाले श्रावक श्राविकाओं के मन की इच्छा होती है कि आचार्यश्री को आहार देने का सौभाग्य मिले और जैसे ही आचार्यश्री ससंघ आहार के लिए निकलते हैं तो मंदिर से सभी रास्तों में हे स्वामी नमोस्तू की गंूज होने लगती है। बुधवार को आचार्य श्री को आहार देने का सौभाग्य आचार्यश्री की शिष्या आर्यिका चेतनमति माता के गृहस्थ जीवन के पिता निर्मल जैन, नितिन जैन के परिवार को प्राप्त हुआ है।