- Hindi News
- रजपुरा में अभी भी मलेरिया एवं मौसमी बीमारी के मरीज
रजपुरा में अभी भी मलेरिया एवं मौसमी बीमारी के मरीज
रजपुरामें डेंगू का मरीज मिलने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की नजर रजपुरा पर जाकर टिक गई है। एक सप्ताह पहले ही ममता रथ के माध्यम से ग्रामवासियों को मलेरिया के बचाव की जानकारी दी गई थी। अब गांव के करीब 150 व्यक्तियों की स्लाइड तैयार की गई है। उनमें से मात्र 50 स्लाइड जांच के लिए दमोह भेजी गई है। जबकि 100 स्लाइड अभी भी रजपुरा में रखी है। वही सिविल अस्पताल हटा के आंकड़े देखे तो पता चलता है कि अप्रेल 2014 से अभी तक करीब 4000 रक्त स्लाइड बनाई गई। इनमें से 49 व्यक्तियों को मलेरिया निकला है। वहीं निजी डाॅक्टर का मत है कि 100 में से कम से कम 20 मरीज मलेरिया पीड़ित निकल रहे हैं। आंकड़ो में रहे अंतर के बारे में जब जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. पीसी स्वर्णकार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सरकारी आंकड़े सही है। कुछ रिपोर्ट गलत हो सकती है, लेकिन हटा में खुली सारी पैथालाजी अवैध रूप से चल रही है, उनके आंकड़े सही नहीं है। रविवार की सुबह हटा अस्पताल में रजपुरा के पीडब्ल्यूडी स्टोर में पदस्थ विश्राम अहिरवार को लाया गया, जिन्हें मलेरिया निकला। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सोमवार को उन्हें अन्य जांचों के लिए बुलाया गया है।