डीईओ ने मांगा स्कूलों का रिपोर्ट कार्ड
राष्ट्रीयमाध्यमिक शिक्षा मिशन के अंतर्गत जिले के वेतन संवितरण प्राचार्यों की समीक्षा बैठक एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित की गई। जिसमें डीईओ एसके नेमा सहायक संचालक पीपी सिंह ने विभिन्न बिंदुओं पर स्कूलों का रिपोर्ट कार्ड मांगा। बैठक में यू-डाइस प्रपत्र के संबंध में चर्चा कर मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही डीसीएफ संग्रह प्रपत्र में स्कूलों की समस्त जानकारी एवं स्कूल रिपोर्ट कार्ड की जानकारी प्रविष्ठ करने के निर्देश दिए। बैठक मेंं डीईओ ने स्वच्छता एवं मर्यादा अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिए। जिसमें स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था आसपास साफ-सफाई रखने को कहा। उन्होंने स्कूलों में प्रार्थना स्थल पर जल संवर्धन, पर्यावरण स्वच्छता, समसामयिक घटना के संदर्भ में अनिवार्य रूप से प्राचार्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं को उद्बोधन देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्कूलों में न्यूज रीडिंग एवं प्रत्येक शनिवार को बालसभा आयोजित करने के संबंध में भी जानकारी दी। बैठक में 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित कृषि महोत्सव में शिक्षा विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्यों को निर्देशित किया कि 7 अक्टूबर को जिले के सभी हाई हायर सेकंडरी स्कूलों में कृषि ज्ञान परीक्षा आयोजित करने को कहा। इसके बाद संकुल स्तर पर मूल्यांकन करने के पश्चात 10 अक्टूबर तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले छात्रों की सूची जिला शिक्षा कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक संचालक पीपी सिंह ने बताया कि विद्यालयों में अग्निशमन यंत्र आवश्यक रूप से लगे होना चाहिए। स्कूलों में शिक्षक समय पर पहुंचे इसका ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर सभी प्राचार्य मौजूद थे।