प्रचार-प्रसार के लिए आए फ्लैक्स के बोर्ड, कार्यालय में रखे रह गए
जनपद पंचायतों से ग्राम पंचायत तक पहुंचाए जाने थे फ्लैक्स
अधिकारियों की अनदेखी के चलते रखे रह गए बंडल
भास्कर संवाददाता| दमोह
शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगवाने के लिए खरीदे गए फ्लेक्स बोर्ड जिला पंचायत के एक कक्ष में रखे रह गए हैं। खास बात यह है कि इनके बारे में जिला पंचायत सीईओ तक को मालूम नहीं है, जबकि अधिकारियों ने इनकी खरीदी में करीब 4 लाख रुपए का भुगतान किया है।
ज्ञात हो कि ग्रामीण लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके इसके लिए अब शासन ने एक ओर नई पहल की है, जिसमें अब जिला पंचायत के माध्यम से जिले के 461 ग्राम पंचायतों में फ्लेक्स वाले बोर्ड पहुंचाएं जाएंगे। इन बोर्डों में शासन द्वारा चलाई जा रही कई योजनाओं की जानकारी अंकित की गई है, जिससे लोगों को योजना का लाभ लेने में परेशानी नहीं होगी और न ही अब अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ेंगे। तीन माह पहले यह बोर्ड जिला पंचायत के मुख्यमंत्री आवास मिशन कार्यालय के कक्ष में रखे हैं। कुछ के बंडल खुल गए हैं तो कुछ अब भी पैक रखे हुए हैं। एक फ्लेक्स में 8 प्रकार की योजनाओं की जानकारी अंकित है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ डॉ. जेसी जटिया का कहना है कि मुझे अभी जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो सभी बंडल जनपद पंचायत भेजे जाएंगे।
बोर्डों में अंकित हैं यह 8 योजनाएं
सीएम हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री आवास मिशन योजना
इंदिरा गांधी आवास योजना
मध्यान्ह भोजन
कपिल धारा कूप
रोजगार गारंटी
लोक सेवा गारंटी
सूचना का अधिकार
दमोह। जिला पंचायत परिसर में रखे बोर्डोँ के बंडल।