आरपीएफ आरक्षक ने की अभद्रता
दमोह| रेलवे स्टेशन पर टिकट चैकिंग के नाम पर आरपीएफ जवान द्वारा एक परिवार के साथ अभद्रता की गई। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने सांसद ने डीआरएम से शिकायत करने की बात कही है। मड़ियादो निवासी प्रीतम अहिरवार ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह अपने परिजनों को लेने रेलवे स्टेशन आया था। इसके लिए उसने प्लेटफार्म टिकट भी ली थी। जब वह अपने परिजनों के साथ लौट रहा था तो सीढ़ियों के पास आरपीएफ का एक आरक्षक व टीसी ने रोककर टिकट मांगी। उसने अपने परिजनों व स्वयं की टिकट दिखाई। इसके बाद भी वह अभद्रता करने लगा और कहा कि यह तुम्हारी टिकट नहीं है। इसके बाद संबंधितों को थाने के पास बुला लिया चालान काटने की धमकी दी। पीड़ित ने रेलवे के एसपी, सांसद को शिकायत करने की बात कही है। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक एचसी अग्रवाल का कहना है कि मामले के संबंध में सूचना मिली थी, लेकिन मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।