मंदिर से छत्र, घंटा सहित चढ़ोत्री की राशि चुराकर ले गए चोर
गजानन टेकरी पर स्थित संतोषी माता मंदिर की घटना
शहर में चार दिन में तीन चोरी वारदातों से दहशत
भास्कर संवाददाता| दमोह
गजानन टेकरी पर स्थित संतोषी माता मंदिर में बीती रात ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर माता के छत्र, घंटा सहित चढ़ोत्री की चिल्लर चुराकर ले गए। सुबह मंदिर के पुजारी के पहुंचने पर चोरी की घटना की जानकारी लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
गौरतलब है कि शहर में चार दिन में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। मंदिर समिति के दिलीप चौरसिया, मोंटी रायकवार ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 9 बजे मंदिर में पूजा पाठ के बाद ताला लगाया गया था। पुजारी पूजा के बाद नीचे चले गए थे। सुबह जब मंदिर खोलने आए तो ताला टूटा पड़ा था। अंदर देखा तो माता के छोटे बड़े 10 चांदी के छत्र, घंटा, यंत्र, चढ़ोत्री की राशि एवं लाउंड स्पीकर गायब थे। मंदिर में चोरी के बाद नीचे बने कमरे के दरबाजे का ताला तोड़ने का प्रयास भी चोरों के द्वारा किया गया, लेकिन ताला नहीं टूटा। बताया गया है लगभग 40-50 हजार रुपए की सामग्री चोरी हुई है। समिति के पदाधिकारियों की माने तो पहाड़ी पर आवारा तत्वों, शराबियों का आना जाना लगा रहता है। रात के समय पहाड़ी पर संदिग्ध गतिविधियां भी होती है। पानी की टंकियों के पास भी लोग गंदगी कर जाते हैं। आवारा तत्वों ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
दमोह। पहाड़ी पर चोरी की जांच करने पहुंचा पुलिस कर्मी।