पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जलावर्धन योजना को लेकर हुई गोपनीय बैठक, कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी

जलावर्धन योजना को लेकर हुई गोपनीय बैठक, कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नवीन जलावर्धन योजना का जायजा लेने के लिए शनिवार को भोपाल से दमोह पहुंचे नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यपालन यंत्री को विरोध का सामना करना पड़ा। सर्किट हाउस में नगरपालिका के भाजपा पार्षद और अधिकारियों को बैठक में इंट्री दी गई, जबकि कांग्रेस के पार्षदों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, इस बात से गुस्साएं कांग्रेसियों ने बैठक का विरोध किया और अधिकारियों पर योजना में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।

इससे पहले सुबह 10 बजे नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यपालन यंत्री कमलेश भटनागर और दीप अग्रवाल दमोह पहुंचे। उन्होंने सुबह से ही सर्किट हाउस में नगरपालिका के अधिकारियों की बैठक ली। बंद कमरे में गोपनीय तरीके से हुई बैठक में कांग्रेस के पार्षदों को नहीं जाने दिया गया। करीब दो घंटे बाद दोनाें अधिकारी नपाध्यक्ष मालती असाटी, सीएमओ सुधीर सिंह, सहायक यंत्री मेद्य तिवारी, सिद्धार्थ मलैया अौर उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चंदेल फिल्टर प्लांट पहुंचे। यहां पर उन्होंने निर्माणाधीन प्लांट का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद श्री भटनागर ने कहा कि जलावर्धन योजना दो पार्ट में पूरी की जाएगी। पहले पार्ट में ओवर हैड टैंक और दूसरे पार्ट में पानी सप्लाई का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एजेंसी को सितंबर 16 में कंपलीट करके देना है।

अमृत योजना में आई राशि होगी खर्च

श्री भटनागर ने बताया कि अमृत योजना के तहत दमोह के लिए 102 करोड़ रुपए की राशि मंजूर हुई है। इस राशि से सीवेज सिस्टम, पार्क, पाइप लाइन और जलाशयों का सौंदर्यीकरण होना है। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जानी है, जिसको लेकर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले वे नगर का मुआयना करेंगे, इसके बाद प्रोजेक्ट की डिजाइन और ड्राइंग तैयार की जाएगी।

कांग्रेसी बोले, बिना सूचना के काम हुआ तो परियोजना का विरोध करेंगे
नेता प्रतिपक्ष राशु चौहान ने कहा कि आज जल परियोजना को लेकर बैठक बुलाई गई है, जिसमें भोपाल से अधिकारी आए हैं, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई न ही उन्हें बैठक में आने की अनुमति दी गई है। जिससे कांग्रेस के सभी पार्षदों ने बैठक का विरोध किया है। बिना जानकारी के बिछाई जा रही लाइनों के कार्य का भी विरोध किया जा रहा है। पार्षद पति आशीष पटेल ने कहा कि गोपनीय तरीके से बैठक का पता चलने पर कांग्रेस पार्षद यहां आए थे, लेकिन उन्हें बैठक में जाने से रोका गया। शहर में क्या कार्य कराया जा रहा है यह कार्य किसी टेक्नीकल से कराया जाए उन्हें अपनी बात अंदर जाकर रखने का मौका भी नहीं दिया गया, क्योंकि हम कांग्रेसी हैं। पार्षद पप्पू कंसोटिया ने कहा कि हमारे वार्ड में 60 साल से पानी की लाइन नहीं बिछ पाई हैं, पार्षदों की बैठक किए बिना वार्डों की समस्या का पता कैसे चलेगा। इस दौरान विक्रम सिंह, मिक्की चंदेल, राजा रौतेला सहित अन्य कांग्रेसी पार्षद मौजूद थे।

दमोह। फिल्टर प्लांट निर्माण कार्य और टंकियों के निर्माण कार्य स्थल का जायजा लेते अधिकारी।

खबरें और भी हैं...