डामर कम मिलने पर एजेंसी को लगाई फटकार
पीडब्लयूडी सागर के अधीक्षण यंत्री डीआर गुजरे और ईई पीएस पंत ने शनिवार को सड़कों का जायजा लिया। वे सबसे पहले रसीलपुर पहुंचे। यहां पर सड़क बनाने में जुटी एजेंसी घटिया काम कर रही थी। सड़क में डामर की कमी थी और थिकनेस भी सही नहीं थी, जिसके चलते श्री गुजरे ने एजेंसी को जमकर फटकार लगाई। उन्हाेंने कहा कि यदि गुणवत्ता पूर्वक काम नहीं किया गया तो एजेंसी को हटा दिया जाएगा।
दूसरी एजेंसी से काम कराएंगे। इसके बाद दोनों अधिकारी मड़ियादो-रजपुरा सड़क का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने यहां पर की स्थिति को देखा और गुणवत्ता के साथ काम करने की बात कही। इसके बाद श्री गुजरे ने शाहपुर-बटियागढ़ और सादपुर मार्ग का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। जहां पर सड़कों में खािमयां नजर आईं, उन्हें सुधारने के लिए नोटिस देने की बात कही। ईई श्री पंत ने बताया कि जो एजेंसियां गुणवत्ता पूर्वक काम नहीं कर रहीं हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे, इसलिए जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने का काम किया जा रहा है।