वसूली में फिर फिसड्डी साबित हुई दमोह नगर पालिका
नगर पालिका दमोह करों की वसूली में लगातार फिसड्डी साबित हो रही है। जिसके चलते नपा अधिकारियों को फटकार लगाई गई। दरअसल वीडियो कांफ्रेंस के दौरान नगरीय प्रशासन आयुक्त भोपाल द्वारा दमोह नगर पालिका की वसूली की समीक्षा की गई थी। इस दौरान वसूली के लक्ष्य सुनकर आयुक्त हैरान रह गए। अधिकारियों ने बताया कि दमोह में वर्तमान में नगर पालिका द्वारा मात्र 5 फीसदी वसूली की जा रही है। इसके अलावा बकाया वसूली भी लक्ष्य से काफी कम है।
उन्होंने नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्य निर्देश दिए कि आगामी तीन माह में वर्तमान वसूली का लक्ष्य 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 फीसदी एवं बकाया वसूली का लक्ष्य 75 फीसदी हो जाना चाहिए। अन्यथा अधिकारियों पर कार्रवाई होना तय है। बताया गया है कि सबसे ज्यादा कर वसूली दुकानों व मकानों की बकाया है। जलकर में भी लक्ष्य से काफी कम वसूली हो रही है। बीते माह नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाए गए थे उनमें भी नाममात्र की वसूली हुई है। आयुक्त की फटकार के बाद अब नगर पालिका ने एक बार फिर वसूली अभियान चलाने के निर्देश राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों को दिए हैं। बकायादारों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कुर्की केन के निर्देश दिए गए हैं।