- Hindi News
- एक सिरफिरे ने पूरे परिवार को किया परेशान, ज्ञापन सौंपा
एक सिरफिरे ने पूरे परिवार को किया परेशान, ज्ञापन सौंपा
परेशान परिवार ने गांव छोड़ा, दमोह आकर एसपी को दी शिकायत
भास्करसंवाददाता | दमोह
पटेरातहसील क्षेत्र के ग्राम कुलुआ में एक सिरफिरे आरोपी के कारण एक परिवार का जीना मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवार की महिला पर आरोपी की गंदी नजर होने ओर आए दिन छेड़छाड़ से परेशान परिवार ने अपना घर-गांव तक छोड़ दिया है।
अब आरोपी उस परिवार के खिलाफ आए दिन थाना में झूठी शिकायतें करने में लगा है। पीड़ित परिवार ने बुधवार को दमोह आकर एसपी से शिकायत की है।
पीड़ित महिला ने अपने पति और दो बच्चों के साथ दमोह आकर एसपी को आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि उसका रिश्तेदार राजा सिंह लोधी अपने पिता थम्मन सिंह लोधी और मां संतोष बाई की सह पर पिछले चार-पांच साल से उसकाे परेशान कर रहा है। आराेपी आए दिन घर में अकेला पाकर उसके साथ बदतमीजी करता रहा। छेड़छाड़ की और ज्यादती का प्रयास करता रहा। कुछ दिन पहले आरोपी ने उसे अकेला पाकर फिर से ज्यादती का प्रयास किया।
इस पर पति ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से उसे छुड़ाया। इसी विवाद में आरोपी राजा सिंह को चोट लग गई तो उसने थाना में कुल्हाड़ी से हमला करने की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद आगजनी की रिपोर्ट कर दी और अब वह जान से मारने या खुद मरकर उसके परिवार को फंसाने की धमकी दे रहा है। महिला ने बताया कि आरोपी के डर से उन्होंने गांव तक छोड़ दिया है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
आरोपी उसके साथ जबरदस्ती करना चाहता था। उसे अपनी इज्जत बचाने के लिए इतनी कीमत चुकानी पड़ रही है। यदि उसे न्याय नहीं मिला तो मजबूर होकर इज्जत की खातिर उसे अपनी जान देनी पड़ेगी। एसपी ने पीड़ित महिला को ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर पटेरा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है।