यदि कांग्रेस को मजबूत करना है, तो जिला अध्यक्ष को काम करना होगा
जिला कांग्रेस की बैठक में पंचायती राज विषय पर चर्चा
भास्कर संवाददाता | दमोह
जबलपुर नाका के पास राजू गुप्ता के निवास पर मंगलवार को दोपहर 2 बजे से जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय पंचायत की राज विभाग के महामंत्री और प्रदेश प्रभारी सचिन नायक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। हेमंत रतले विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर जिला कमेटी के पदाधिकारियों को पार्टी को मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्ष को काम करने की नसीहत दी। पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में कांग्रेस की हालत जिलाध्यक्ष की वजह से खराब हो गई है। उनका कोई भी आंदोलन नहीं हुआ, पार्टी के कार्यक्रमों को भी सजगता से नहीं किया जाता। सब खाना पूर्ति करने में लगे हैं। इसलिए पार्टी की छवि यहां पर खराब हो रही है।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निधि श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में बहुत काम करने की जरुरत है। छोेटे से लेकर बड़े मुद्दे तक कांग्रेस को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर बहुत काम करने की जरुरत है। लेकिन संगठन के साथ कोई काम करने के लिए नहीं जुड़ रहा है। इसलिए जिलाध्यक्ष से लेकर सभी पदाधिकारियों को गंभीरता से काम करना होगा। पूर्व लोकसभा प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में फर्जी तरीके से मस्टररोल बनाए जा रहे हैं। मजदूराें को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में ग्रामीण परेशान हैं, उनके पास आय का कोई भी साधन नहीं रह गया है। इसलिए पलायन शुरु हो गया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरिशंकर चौधरी, राजकुमार गुप्ता, तेजीराम रोहित, बृजकिशोर सोनी, संजय चौरसिया, पप्पू नायक, गोलू सराफ, दिनेश रैकवार, भूपेंद्र अजवानी, जिला प्रवक्ता आशुतोष शर्मा, मंजीत यादव, अमर सिंह,, बैजनाथ चौधरी, सुनील आनंद, सुदामा दुबे, सुशीला सिरोठिया, रजनी चौधरी, सहिदा बानो, प्रभात मिश्रा, हीरालाल चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
जबलपुर नाका के पास कांग्रेसियों की बैठक हुई।