सड़क हादसों में वृद्धा सहित दो की मौत
जिलेमें शनिवार को हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। देहात थाना क्षेत्र के मारुताल के पास अज्ञात बोलेरो वाहन की टक्कर से एक वृद्धा की माैत हो गई। वहीं हटा थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी एक युवक की बाइक से गिरकर मौत हो गई।
जानकारी अनुसार मारुताल निवासी चंदाबाई पाठक (80) शनिवार की शाम करीब साढे पांच बजे अपने घर के पास खड़ी तभी उसे एक अज्ञात बोलेरो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वृद्धा को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद फिलहाल अज्ञात बोलोरो वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसी तरह एक अन्य हादसे में 28 वर्षीय एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने बताया कि हटा थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी रामसेवक पिता सोनेलाल (28) अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बाइक तेज रफ्तार के कारण असंतुलित होकर अचानक फिसल गई। इससे रामसेवक जमीन पर गिर पड़ा। युवक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से दो गंभीर
शहर के टंडन बगीचा गायत्री गेट के पास शनिवार की शाम करीब साढे सात बजे पैदल जा रहे दो युवकों को अज्ञात ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी अनुसार टंडन बगीचा निवासी अचल पिता राकेश सेन (21) एवं लोको निवासी बालचंद पिता बिरजू बंसल (18) पैदल जा रहे थे तभी उन्हें वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वे घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद 108 वाहन द्वारा इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन वाहन चालक वाहन लेकर मौके पर भाग लिया। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
कारकी टक्कर से घायल
जबेरा.थानाक्षेत्र के जबेरा गांव निवासी नीरज पिता चंद्रप्रकाश रैकवार (35) कहीं जा रहा था कि एक कार चालक द्वारा तेज रफ्तार लापरवाही से वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।