पढ़ाई की गुणवत्ता खराब होने पर 9 स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस
स्कूल में परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम आया था
जिला शिक्षा अधिकारी ने किया था स्कूलों का निरीक्षण
भास्कर संवाददाता|दमोह
अकादमिक गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम के तहत तैयार की गई पैनल द्वारा के निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने दमोह के ऐसे 9 प्राचार्य को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनके स्कूल की पढ़ाई की गुणवत्ता खराब पाई गई है। यह निरीक्षण 30 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम आने वाले स्कूल का कराया गया था। जिसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी ने भोपाल भेजी थी। जहां से इसके नोटिस जारी किए गए हैं।
इन स्कूलों को जारी किया गया नोटिस : लोक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त संचालक धीरेंद्र चतुर्वेदी ने ऐसे 9 स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी करके उनमें सुधार लाने के लिए कहा है। उनके द्वारा जारी किए गए नोटिसों में रजपुरा शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल प्राचार्य,शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल महाराणा प्रताप स्कूल, पुरा बैरागढ़ हायर सेकंडरी स्कूल, एक्सीलेंस स्कूल जबेरा, हाई स्कूल कुलुवा दमोह, हाई सांगा, हाई स्कूल शाखा, हाई स्कूल बनवार और हाई स्कूल तेजगढ़ प्राचार्य का नाम शामिल है।
यह थीं खामियां
बताया जाता है कि इन स्कूलों के परिणाम 30 प्रतिशत से कम थे। जिनका अकादमिक परीक्षण कराया गया था। जिसमें निरीक्षण करने वाली टीमें ने बच्चों को दिए जाने वाले गृहकार्य में कमी, रेमेडियल क्लासें न लगना, कमजोर बच्चों को पढ़ाकर दक्ष न करना, छात्र परिषद की कमी और प्राचार्यों द्वारा अध्ययन कार्य का परीक्षण न करना सहित अनेक बिंदु शामिल हैं।