दुकान गिराने वाले व्यापारी को गढ़ाकोटा पुलिस ने पकड़ा
गिरफ्तारी वारंट के चलते तलाश रही थी गढ़ाकोटा पुलिस, मंगलवार को कोर्ट में पेश किया
दमोह पुलिस पकड़कर लाई, पीड़ित दुकानदार ने फिर बनाना प्रारंभ की दुकान
भास्कर संवाददाता|दमोह
गांधी चौक के पास बीती रात कपड़ा की दुकान पोकलेन मशीन से गिरवाने वाले आरोपी स्वाप्निल उर्फ सोनू बजाज को सर्चिंग के दौरान सागर के गढ़ाकोटा पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ थाने से वारंट जारी हुआ था और लंबे समय से वह फरार चल रहा था। वहां से जमानत मिलने के बाद देर शाम पुलिस आरोपी को दमोह पकड़ कर लाई। इधर टूटी हुई दुकान का मलबा हटाकर दुकानदार ने रातों रात उसी जगह पर दुकान बनाने का काम चालू कर दिया।
ज्ञात हो कि सोनू बजाज ने बीती रात पोकलीन मशीन बुलवाकर अपने किराएदार सुधीर, संजय और शैलेंद्र जैन की कपड़ा की दुकान गिरा दी थी। इसकी सूचना किसी को नहीं दी गई थी और रातों रात उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। जिसे सर्चिंग के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में खोज लिया था। आरोपी सोनू बजाज के खिलाफ धारा अनेक धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। उसकी सोमवार से पुलिस तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस को पता चला कि गढ़ाकोटा में आरोपी के लिए पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके खिलाफ एक पुराने मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। जिसके बाद उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिलने पर उसे छोड़ा गया। एसपी तिलक सिंह ने बताया कि जमानत मिलने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए दमोह से पुलिस भेजी गई थी। पुलिस उसे पकड़ लाई। बुधवार को उससे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोतवाली टीआई केके त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सोनू बजाज के खिलाफ धारा 447 और 427 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यहां पर आपको बता दें कि दोनों धाराओं में तीन माह की सजा तक का प्रावधान है। इसके अलावा जमानत भी हो सकती है।
पीड़ित दुकानदार ने प्रारंभ किया काम
बिना अनुमति के दुकान तोड़कर का नुकसान पहुंचाने के बाद पीड़ित दुकानदार ने सोमवार को ही जेसीबी मशीन से मलबा साफ कराया और दुकान का काम लगा दिया। मंगलवार को बड़े स्तर पर दुकान बनाने का काम चलता रहा। बताया कि है कि किराएदार और मालिक में दुकान खाली करने का लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला सिविल कोर्ट में भी है। लेकिन सोमवार को रात 2 बजे पोकलेन मशीन से सोनू बजाज ने बिना किसी सूचना के दुकान को गिरवा दिया। जिससे दुकानदार का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
दमोह। गांधी चौक में दुकान का पुन निर्माण शुरू करा दिया गया है।