समर्पण दिवस के रूप में मनाई पं. उपाध्याय की पुण्यतिथि
दमोह| भाजपा द्वारा जिले के मंडल केंद्रों पर गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई। दमोह भाजपा द्वारा जटाशंकर स्थित मानस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसमें मुख्य अतिथि सांसद प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव, कार्यक्रम प्रभारी सिद्धार्थ मलैया, नपा अध्यक्ष मालती असाटी, शिवचरण पटेल, बृज गर्ग, राजकुमार जैन, रमन खत्री, सतीश तिवारी मौजूद रहे। कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पथरिया हटा विधायक लखन पटेल, हटा विधायक उमादेवी खटीक, तेंदूखेड़ा में दशरथ सिंह लोधी एवं मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा मंडल कार्यक्रमों के मुख्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सांसद प्रहलाद पटेल ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन पर प्रकाश डालते हुए अपनी बात प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना के साथ यह सोच थी कि जनसंघ भाजपा आगामी समय में एकात्म मानव दर्शन पर सरकार बनाकर लोगों की सेवा कार्य करेगा। केंद्र में पं. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि किसान बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं लागू करना दीनदयाल की सोच थी। आज वर्तमान में मप्र सरकार द्वारा एकात्म मानव दर्शन पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। हम सभी कार्यकर्ताओं का यह दायित्व बनता है कि हम वरिष्ठों का सम्मान करें एवं निष्ठा तथा समर्पण के साथ निरंतर पार्टी का कार्य करते रहें। कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी कपिल सोनी सहित मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।