2 करोड़ से बनेंगी बाउंड्री, 10 हाईस्कूल खुलेंगे
छात्र-छात्राओं को होगी सहुलियत, अतिक्रमण से मिलेगी मुक्ति
दमोह| शासकीय स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के लिए अच्छी खबर है। शासन द्वारा जिले में 10 नए हाईस्कूल की मंजूरी प्रदान की गई है। वहीं 2 करोड़ की लागत से 14 स्कूलों में बाउंड्रीबाल बनेगी। आगामी शिक्षा सत्र में इन स्कूलों को शुरू किया जाएगा। तो जल्द ही बाउंड्रीबाल बनाने का काम चालू हो जाएगा। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर द्वारा स्कूलों में स्कूलों में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था। जिन स्कूलों में बाउंड्रीबाल नहीं है, वे स्कूल सबसे ज्यादा अतिक्रमण की चपेट में हैं। इस समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया था। इसी तरह हाईस्कूल संबंधी समस्या का मुद्दा भी बीते एक साल के दौरान उठाया गया। जिसमें शासन-प्रशासन को अवगत कराया था जिन क्षेत्रों में हाईस्कूल नहीं है, वहां के अधिकांश छात्र-छात्राएं आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्ताव बनाकर शासन के पास भेजे गए, जिसके बाद शासन द्वारा हालही में बाउंड्रीबाल व हाईस्कूल को मंजूरी प्रदान की गई है।
यहां खुलेंगे हाईस्कूल
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के जबेरा ब्लॉक के घटेरा एवं रोंड, पथरिया ब्लॉक के ग्राम सतपारा एवं पिपरोधा छक्का, पटेरा ब्लॉक के बिलगुंवा, हटा ब्लॉक के बंधा, एवं बटियागढ़ ब्लॉक के बरीकनोरा, कैथोरा एवं शहजादपुरा में नए हाईस्कूल खोले जाने पर मंजूरी मिल गई है। जिन्हें आगामी शिक्षा सत्र में शुरू कराया जाएगा।