मैराथन दौड़ से होगा बुंदेली दमोह महोत्सव का आगाज
बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित बुंदेली दमोह महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को सुबह 9 बजे मैराथन दौड़ से होगा। जो स्वच्छ दमोह और सुंदर दमोह का संदेश देगी। कलेक्टोरेट परिसर से कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, बुंदेली गौरव न्यास की संरक्षिका व शिक्षाविद् डॉ. सुधा मलैया, नगर पालिका अध्यक्ष मालती असाटी, जिला पंचायत शिवचरण पटेल, एसपी तिलक सिंह हरि झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ करेंगे। शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए मैराथन दौड़ का समापन मेला स्थल तहसील ग्राउंड पर किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10.30 से मेले का ध्वाजारोहण होगा।
आयोजन 24 फरवरी तक
बुंदेली गौरव न्यास के अध्यक्ष अंबालाल पटेल, सचिव प्रभात सेठ ने बताया कि यह आयोजन 15 से 24 फरवरी तक आयोजित है। जिसमें व्यापारिक प्रतिष्ठान जहां मेला की शोभा बढा़एंगें तो वहीं शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होगी।। साथ ही साथ अलग-अलग विधाओं और संस्कृति से रूबरू होंगे। सांस्कृतिक प्रभारी राजीव अयाची ने बताया कि प्रतिदिन स्थानीय कलाकारों को आकर्षक रंग मंचीय प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा। जहां नृत्य श्री, स्वर श्री, हास्य श्री, कौन है दमदार जैसी प्रतियोगिताएं भी इस मंच से प्रस्तुत होंगी। पहले दिन बुंदेली सांस्कृति की पहचान से रूबरू कराया जाएगा।