पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कनेक्शन के पैसे जमा करवाए फिर भी नहीं दी बिजली, सूख रही फसल

कनेक्शन के पैसे जमा करवाए फिर भी नहीं दी बिजली, सूख रही फसल

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पीएनबी की ज्यादा शिकायतें मिलने पर कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

भास्कर संवाददाता | दतिया

साहब! पिछले साल 10 फरवरी 15 को छह हजार रुपए जमा कर बिजली कनेक्शन की रसीद कटवाई थी। अभी तक कनेक्शन नहीं जुड़ा। कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों से कहा लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। फसल सूख रही है और कर्मचारी लाइट नहीं जोर रहे। उनाव के विजय पुत्र अजुद्दी रायकवार ने जनसुनवाई में यह शिकायत कलेक्टर मदन कुमार से की। कलेक्टर ने कृषि उप संचालक एसपी तिवारी से फसल के बारे में पूछा तो कृषि उप संचालक ने भी फसल में पानी की आवश्यकता बताई। कलेक्टर ने मौके पर बिजली कंपनी अधिकारी व उनाव के आरआई को गांव में जाकर कनेक्शन जोड़ने के निर्देश दिए।

पीएनबी की बहुत शिकायतें हैं, सबूत जुटाओ, कार्रवाई करेंगे: ग्राम परासरी निवासी विशाखा पुत्री रामकुमार त्रिपाठी ने बताया कि वह शिक्षित होकर बेरोजगार है। स्वयं का रोजगार संचालन हेतु खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत द्वारा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत टेंट हाउस यूनिट हेतु ऋण प्रकरण के लिए आवेदन किया था। जिसे अनुशंसा कर पीएनबी उनाव को भेजा गया था। दो माह से ऋण का प्रकरण बैंक में लंबित है। कलेक्टर ने जिला पंचायत प्रभारी सीईओ धनंजय मिश्रा से कहा कि पूरे जिले में पीएनबी की बहुत शिकायतें हैं। बैंकों में यह देखो कि करप्शन, लंबित प्रकरण व अन्य कौन से प्रकरण हैं जो रोककर रखे हैं। खासतौर पर उनाव ब्रांच के प्रकरण एकत्रित करो।

सबूत हाथ लेने के बाद उनाव ब्रांच मैनेजर के खिलाफ टर्मिनेट करने के लिए मैं फाइनेंस विभाग को लिखूंगा। साथ ही उद्योग विभाग, बीएम, एलबीएम को नोटिस जारी करो। वहीं दारूगर की पुलिया निवासी रामस्वरूप चऊदा ने बताया कि उसे 18 माह से नगर पालिका द्वारा वृद्धावस्था पेंशन नहीं दी जा रही है। जिस पर कलेक्टर ने सीएमओ को मौके पर ही तत्काल वृद्धावस्था पेंशन का पिछले 18 माह की पेंशन के एरियर्स का भुगतान करने के आदेश दिए।

पटवारी ने बगैर सूचना किया नामांतरण, जांच के आदेश

ग्राम खटोला निवासी पुक्खन देवी ने आवेदन देकर बताया कि उसके पिता की जमीन को पटवारी ने बिना सूचना दिए भाइयों के नाम नामांतरण कर दिया। कलेक्टर ने प्रकरण में एसडीएम को जांच के आदेश दिए तथा जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर कराने व हक त्याग की शासन द्वारा निर्धारित राशि शुल्क की स्थिति भी ज्ञात कर शासन कोष में जमा कराने के निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने आम जनता से अपील की कि पिता की जमीन में बेटियों का चाहे वह विवाहित हो या अविवाहित, हिस्सा समान मिलता है। इसलिए सभी के नाम बराबर नामांतरण कराएं।

इनको भी मिला लाभ

जनसुनवाई में र|नंदिता खुशी उत्सव के तहत सुरेश वंशकार निवासी कमरारी को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत ऋण प्रकरण स्वीकृत कराया गया। साथ ही गंजी के हनुमान मंदिर निवासी राजकुमारी प्रजापति काे वृद्धावस्था पेंशन, ग्राम राधापुर निवासी हमीद खां को ट्राइसिकिल दी गई।

सीईओ, पीसीओ और सचिव पर जुर्माना
जनसुनवाई में ग्राम सरसई निवासी बेवा दुर्गेश साहू ने कलेक्टर को बताया कि उसे राष्ट्रीय परिवार सहायता पेंशन एवं विधवा पेंशन आज तक प्रदान नहीं की गई है। साथ ही पटवारी द्वारा बीपीएल कार्ड में नाम जोड़ने के बदले में तीन हजार रुपए की मांग की जा रही है। कलेक्टर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रकरण की जांच कराकर पीडि़ता को राष्ट्रीय परिवार सहायता एवं विधवा पेंशन स्वीकृत कराते कराने तथा प्रकरण में विलंब होने पर भांडेर जनपद सीईओ, ग्राम पंचायत सरसई सचिव और सरसई पीसीओ पर लोक सेवा गारंटी के तहत पांच -पांच हज़ार रुपए जुर्माने के नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

जनसुनवाई में कलेक्टर मदन कुमार को सूखी फसल दिखाता कृषक विजय रायकवार।

खबरें और भी हैं...